भाजपा का ईमानदार कार्यकर्ता तलाश रहा विकल्प, राष्ट्रवादी मंच हैं तैयार?

  • भाजपा कार्यकर्ताओं को अपना दल एस के चरणों में कर दिया गया हैं समर्पित -मनोज श्रीवास्तव
  • कार्यकर्ताओं में मन में चल रहा है मान-सम्मान और स्वाभिमान का द्वंद..

मीरजापुर। भाजपा का ईमानदार, निष्ठावान, चरित्रवान एवं विचारवान कार्यकर्ता आज हताश, निराश, व्यथित और दुःखी है। जिले में ऐसा वातावरण बना दिया गया है। 
भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपना दल के चरणों में समर्पित कर दिया गया है। कार्यकर्ता विकल्प की तलाश में हैं। यह विकल्प राष्ट्रवादी मंच के रुप में उपलब्ध हैं। उक्त विचार मंच के राष्ट्रीय संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने पड़री बाजार में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किया। 

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि जिले की राजनीति में आबोहवा बदल दी गई है। भारतीय जनता पार्टी में आज ईमानदार, समर्पित कार्यकर्ताओं को दर किनार कर दिया गया है। समर्पण के बजाय अर्पण की पालिटिक्स की जा रही। 

पार्टी और जनहित की बात करने वालों को प्रोत्साहन के बजाय अपमानित करने का काम किया जा रहा है। यह सब एक दल के इशारे पर किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को अपना दल के चरणों में डाल दिया गया है। 

आज संस्कार और स्वाभिमान के बजाय हाजिरी लगाने वालों की मांग हैं। जिसे स्वाभिमानी कार्यकर्ताओं को हजम नहीं हो रहा है। अपने मान, सम्मान और स्वाभिमान के लिए भाजपा के साथ जुड़ा कार्यकर्ता अपने आप को व्यथित पा रहा है। वह विकल्प की तलाश में है। 

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह विकल्प राष्ट्रवादी मंच के रूप में तैयार है। जिसके सदस्यता अभियान के लिए आज पड़री बाजार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिले के मान-सम्मान और अपने स्वाभिमान को बचाए रखने के लिए काफी संख्या में लोगों ने सदस्यता ग्रहण किया है । 

कार्यक्रम में आनंद सिंह,रामशंकर दूबे, मनोज तिवारी, कुश श्रीवास्तव, बबलू पंडा, श्रीप्रकाश निषाद, विनोद पटेल, अनिल सिंह, संतोष सिंह, बंटी सोनकर, बबलू यादव, संतोष बिन्द सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। अध्यक्षता केशव त्रिपाठी एवं संचालन मनोज दमकल ने किया।

टिप्पणियाँ